भारतीय संविधान का अनुच्छेद – 16 सार्वजनिक रोजगार में अवसरों की समानता की गारंटी देता है, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं प्रतियोगिता की निष्पक्षता को समाप्त कर परिश्रमी एवं ईमानदार अभ्यर्थियों के लिए समान अवसर की संभावना को नकार देती हैं।
उच्च न्यायालय द्वारा राजस्थान सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा – 2021 को रद्द करने का ऐतिहासिक फैसला (28 अगस्त 2025 ) हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य, प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता और न्यायिक हस्तक्षेप की आवश्यकता के बीच एक गहन द्वंद्व पैदा करता है ।
न्यायालय का तर्क : अखंडता सर्वोच्च
राजस्थान हाई कोर्ट की एकलपीठ (न्यायाधीश समीर जैन) का यह फैसला मूल रूप से ‘प्रक्रिया की अखंडता’ (Integrity of the Process) के सिद्धांत पर टिका है। बेंच ने माना कि पेपर लीक की घटनाएँ इतनी व्यापक थीं कि इसमें शामिल असली और अनुचित तरीके से चयनित उम्मीदवारों के बीच स्पष्ट विभाजन करना मुश्किल हो गया था । ऐसे लीक और गड़बड़ी की परिस्थितियों में भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बनाए रखना संभव नहीं रहा ।
न्यायालय का मानना है कि अगर संदिग्ध तरीके से चयनित उम्मीदवार पुलिस व्यवस्था में शामिल हो जाते, तो यह जन विश्वास को कम करता और सार्वजनिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी खतरनाक हो सकता था। दीर्घकालिक दृष्टि से, ऐसे कड़े फैसले ही भर्ती प्रक्रियाओं के प्रति जनता के कम होते विश्वास की पुनर्स्थापना कर सकते हैं तथा उन्हें न्याय के संरक्षण का भरोसा प्रदान करते हैं। साथ ही, यह फैसला भविष्य के लिए एक सख्त चेतावनी का काम करेगा कि भर्ती प्रक्रियाओं के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति को दर्शाता है ।
भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक जैसी अनैतिक कार्रवाइयाँ होने पर न्यायालय का सक्रिय रूप से हस्तक्षेप सार्वजनिक विश्वास को बनाए रखने में सहायता करेगा। यह मामला राजस्थान सरकार एवं भर्ती प्राधिकरणों के लिए भविष्य की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी के लिए अनुशासनात्मक संकेत भी है।
अभ्यर्थियों की पीड़ाः निर्दोषों को दंड
इस भर्ती प्रक्रिया की शुचिता कई स्तरों पर प्रभावित हुई: RPSC के ही सदस्यों द्वारा पेपर लीक किया गया, परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्नपत्र की गोपनीयता भंग हुई, डमी परीक्षार्थी बैठाए गए एवं साक्षात्कार के दौरान पक्षपातपूर्ण व्यवहार किया गया, जिससे इसकी गुणवत्ता पूरी तरह से तिरोहित हो गयी।
उन लाखों ईमानदार अभ्यर्थियों की इस फैसले से हुई पीड़ा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, जिन्होंने बिना किसी गलत साधन के प्रयोग के परीक्षा दी। उन निष्ठावान अभ्यर्थियों के मूल्यवान समय और संसाधन की हानि हुई है, जिसकी प्रतिपूर्ति असंभव है। भविष्य को लेकर अनिश्चितता व अस्थिरता की स्थिति उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित करेगी। 3 फरवरी, 2021 को भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने से लेकर 28 अगस्त, 2025 को न्यायालय द्वारा फैसला सुनाये जाने तक के इतने समय की बर्बादी उन अभ्यर्थियों के भविष्य के लिए गहरा संकट है ।
कुछ लोगों के गलत कृत्यों की सजा पूरे बैच को मिल रही है, यह सामूहिक दंड समानता और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत का भी सीधा उल्लंघन है ।
भ्रष्टाचार की आर्थिक लागत
इस भर्ती प्रक्रिया हेतु परीक्षा, प्रशिक्षण, वेतन, जाँच एवं न्यायिक कार्यविधि पर जनता के लगभग ₹202.38 करोड़ खर्च हुए, जिसमें से ₹91.84 करोड़ का व्यय केवल परीक्षा आयोजन के लिए ही हुआ । भर्ती रद्द होने के साथ यह समस्त राशि व्यर्थ चली गई, जिसका कोई प्रतिफल समाज को नहीं मिल सका।
पेपर लीक जैसी घटनाएँ एक अवैध समानांतर अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करती हैं। इसके कारण सार्वजनिक संसाधन व धन अपने वास्तविक उत्पादक कार्यों से हटकर रिश्वतखोरी और भ्रष्ट गतिविधियों में खर्च होने लगता है, जिसके परिणामस्वरूप गंभीर आर्थिक क्षति होती है। अब राज्य को दोबारा परीक्षा आयोजित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर अतिरिक्त व्यय करना पड़ेगा, जिससे शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं के लिए निर्धारित संसाधनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
परीक्षा घोटालों का सामाजिक दृष्टिकोण
प्रतियोगी परीक्षाएँ अक्सर कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों के लिए समाज में ऊपर की ओर गतिशीलता प्राप्त करने का एक साधन होती हैं। पेपर लीक जैसी घटनाओं से रिश्वत का खर्च उठाने में सक्षम विशेषाधिकार प्राप्त वर्ग अनुचित लाभ लेकर अपनी स्थिति और मजबूत कर लेते हैं, जिससे कमजोर वर्ग के उन्नति के अवसर बाधित हो जाते हैं।
पक्षपातपूर्ण भर्ती प्रक्रिया योग्यतापरक आदर्श को कमजोर करके समाज में कार्यबल की उत्पादकता और क्षमता को घटा देती है। भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार योग्य व्यक्तियों के लिए व्यवस्था से मोहभंग की स्थिति पैदा करता है, जिससे प्रतिभा पलायन जैसी घटनाएँ भी प्रचलन में आती हैं।
कौन जिम्मेदार?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस पूरी स्थिति के लिए जिम्मेदार कौन है? न्यायालय ने भर्ती प्रक्रिया को रद्द तो कर दिया, लेकिन असली जिम्मेदारी तो उन संस्थाओं और व्यक्तियों की बनती है जिन्होंने इस परीक्षा का संचालन किया।
इस भर्ती हेतु जिम्मेदार मुख्य निकाय RPSC के तत्कालीन अध्यक्ष और सदस्य (क्रमश: संजय श्रोत्रिय व बाबूलाल कटारा) तक की संलिप्तता इस समस्या को और गहरा कर देती है, जो इन निकायों की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है ।
नियामक संस्थाओं जैसे RPSC, सरकार, पुलिस जांच एजेंसियों की जवाबदेही, निगरानी और प्रतिक्रिया की प्रणाली में कमजोरियाँ थीं। अगर समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए गए होते, तो शायद यह समस्या इतनी बड़ी न बन पाती।
क्या यह समस्या का इष्टतम समाधान ?
हाईकोर्ट द्वारा SI भर्ती को पूरी तरह रद्द करने का फैसला पारंपरिक न्यायिक सोच का परिणाम है। यह फैसला एक आसान रास्ता अपनाता है, जबकि एक सर्जिकल और टेक्नोलॉजी – आधारित समाधान संभव था। कलेक्टिव पनिशमेंट के बजाय टार्गेटेड एक्शन लिया जा सकता था ।
सुधार की उम्मीद
नियामक संस्था की जवाबदेही सुनिश्चित करने, तत्काल और प्रभावी जांच तंत्र स्थापित करने, उम्मीदवार हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ भर्ती आयोगों को चाहिए कि वे परीक्षा पूर्व, दौरान और बाद में उम्मीदवारों को स्पष्ट सूचना दें कि यदि पेपर लीक या अनियमितता की शिकायत आती है, तो किस प्रक्रिया से उससे निपटा जाएगा। भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीकी सुरक्षा के प्रयास बढ़ाए जाने चाहिए । प्रश्नपत्र की सुरक्षा की दृष्टि से डिजिटल हस्तांतरण की जगह सुरक्षित और निर्धारित माध्यमों का प्रयोग किया जा सकता है।
सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह उम्मीदवारों के खोए हुए समय की भरपाई के लिए त्वरित कार्यवाही करे। इस संबन्ध में न्यायालय द्वारा सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा – 2021 के पदों को नई भर्ती में जोड़े जाने का फैसला सराहनीय है। साथ ही उन ईमानदार उम्मीदवारों के लिए, जिन्होंने बिना किसी गड़बड़ी के परीक्षा दी, कुछ आयु सीमा में राहत के साथ अन्य प्रोत्साहन के उपायों पर विचार किया जाना जरूरी है।
निष्कर्ष: एक दुविधापूर्ण पर आवश्यक फैसला
निस्संदेह, उच्च न्यायालय का फैसला कठोर है, लेकिन शायद अव्यवस्था की इस गहरी जड़ को खत्म करने के लिए यह आवश्यक भी था। यह फैसला व्यवस्था को साफ-सुथरी और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपनाने के लिए मजबूर करेगा। इसने सार्वजनिक प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने की आवश्यकता की पुष्टि की है। हालाँकि, इस प्रकार के निर्णयों से प्रभावित उम्मीदवारों की समस्याओं का ध्यान रखते हुए, सुधारात्मक व्यवस्था बनाना अत्यंत आवश्यक है।
यदि सरकार और भर्ती आयोग ऐसे मामलों की रोकथाम, निगरानी और समयबद्ध जांच की अंतर्निहित प्रणाली विकसित कर लें, तब भविष्य में ऐसी अनियमितताओं को घटित होने से रोका जा सकता है और ईमानदार परीक्षार्थियों को बिना भय और संदेह के प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिल सकेगा । ध्यान रहे, अभी यह फैसला उच्च न्यायालय की एकलपीठ का है।



Leave a Reply